ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 16 लोगों पर हमला करने वाला तेंदुआ पकड़ा गया, गर्भवती समेत 2 की मौत

पिंजरे में नहीं फंसा तो ग्रामीणों ने लकड़ी-जाली से घेरा, रेबीज संक्रमण की आशंका; जांच के लिए जंगल सफारी भेजा जाएगा

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी और कोंडागांव जिले में दो दिनों तक आतंक मचाने वाले तेंदुए को शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने पकड़ लिया। तेंदुए ने अलग-अलग गांवों में 16 लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। इनमें एक गर्भवती महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। वन विभाग ने तेंदुए को कब्जे में लेकर जांच की तैयारी शुरू कर दी है। उसके असामान्य व्यवहार को देखते हुए रेबीज संक्रमण की आशंका जताई जा रही है।

वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया था, लेकिन वह उसमें नहीं फंसा। इसके बाद शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने लकड़ियों और जाली की मदद से उसे चारों तरफ से घेर लिया। काफी मशक्कत के बाद तेंदुए को काबू किया गया और वन विभाग को सूचना दी गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे अपने कब्जे में ले लिया।

बैल की आवाज सुनकर बाहर निकली महिला पर हमला

धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र के कारीपानी गांव में बुधवार रात तेंदुए ने बुजुर्ग महिला उर्मिला बाई मरकाम पर हमला कर दिया। घर के बाहर बंधे बैल के चिल्लाने की आवाज सुनकर वह बाहर निकली थीं। महिला की आवाज सुनकर पहुंचे सुंदर लाल नेताम और पास के घर में मौजूद एक अन्य महिला पर भी तेंदुए ने हमला किया।

आंगन में बैठे परिवार पर भी किया हमला

कोंडागांव जिले के बस्तर बुडरा गांव में गुरुवार सुबह करीब 5 बजे आंगन में मक्का छील रहे परिवार के सदस्यों पर तेंदुए ने हमला कर दिया। इसमें पांच लोग घायल हुए। उपचार के दौरान गर्भवती रमशीला मंडावी की मौत हो गई। मृतकों में धमतरी जिले के आमागांव निवासी प्रभु लाल भी शामिल हैं।

रेबीज संक्रमण की आशंका

उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के एसडीओ बाल गोविंद साहू के मुताबिक, तेंदुए का इस तरह कई लोगों पर हमला करना असामान्य है। उसके बीमार होने या रेबीज संक्रमण की आशंका है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। प्राथमिक उपचार के बाद तेंदुए को जांच के लिए जंगल सफारी भेजा जाएगा। घटना के बाद प्रभावित गांवों में दहशत का माहौल है।

Related Articles

Back to top button