ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

ट्रैफिक जाम से राहत की तैयारी: प्रदेश में बनेंगी 9 नई बायपास सड़कें, 448 करोड़ मंजूर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने और यातायात को तेज व सुगम बनाने के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्यभर में 9 नई बायपास सड़कों के निर्माण के लिए 448 करोड़ 13 लाख रुपए से अधिक की राशि मंजूर की है। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के निर्देश पर इन परियोजनाओं को प्राथमिकता दी गई है।

रायगढ़ में सबसे बड़े प्रोजेक्ट
रायगढ़ जिले में तीन प्रमुख बायपास परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं। तमनार में 6 किमी लंबी बायपास सड़क के लिए 152.17 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। वहीं रायगढ़ शहर के रिंग रोड (बायपास) के लिए 70.47 करोड़ और खरसिया में कबीर चौक से डभरा रोड तक 2 किमी सड़क के चौड़ीकरण व मजबूतीकरण के लिए 7.22 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

धमतरी और बलौदाबाजार में दो-दो बायपास
धमतरी जिले में भखारा (4 किमी) बायपास के लिए 14.94 करोड़ और नारी (1.5 किमी) बायपास के लिए 7.97 करोड़ रुपए मंजूर हुए हैं। बलौदाबाजार में लटुवा-पनगांव मार्ग पर 15 किमी लंबे बायपास के लिए 88.68 करोड़ और रिसदा में 7 किमी बायपास के लिए 20.99 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है।

बिलासपुर और बेमेतरा को भी फायदा
बिलासपुर में 13.40 किमी लंबी कोनी-मोपका फोरलेन बायपास सड़क के लिए 82.80 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। वहीं बेमेतरा जिले में छिरहा में 1.20 किमी कांक्रीट बायपास सड़क के लिए 2.89 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं।

यातायात होगा तेज और सुरक्षित
लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में बेहतर सड़क अधोसंरचना विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। बायपास सड़कों, पुलों और ओवरब्रिजों के निर्माण से ट्रैफिक का दबाव कम होगा और आवागमन अधिक तेज, सुरक्षित और व्यवस्थित बनेगा।

Related Articles

Back to top button