6 घंटे चला प्रज्ञानंदा-लाग्रेव का मुकाबला, सुपर चेस क्लासिक का सबसे लंबा मैच, 139 चालों तक चली बाजी

दिल्ली। आर. प्रागननंदा और फ्रांस के मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव के बीच सुपर चेस क्लासिक टूर्नामेंट में शनिवार को ऐतिहासिक मुकाबला देखने को मिला। रोमानिया के बुखारेस्ट में खेला गया यह मैच करीब 6 घंटे तक चला और 139 चालों के बाद ड्रॉ पर खत्म हुआ। यह टूर्नामेंट का अब तक का सबसे लंबा मुकाबला माना जा रहा है।
आठवें राउंड में प्रज्ञानंदा के पास जीत के कई मौके थे, लेकिन फ्रांसीसी ग्रैंडमास्टर लाग्रेव ने शानदार बचाव करते हुए मुकाबला ड्रॉ करा लिया। इस परिणाम के बाद टूर्नामेंट के अंतिम राउंड से पहले खिताब की दौड़ बेहद रोमांचक हो गई है। अब पांच खिलाड़ी ट्रॉफी जीतने की रेस में बने हुए हैं।
दूसरी ओर उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव ने नीदरलैंड के जॉर्डन वान फॉरेस्ट पर लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
नीदरलैंड के दोनों खिलाड़ियों के लिए दिन खराब रहा। फॉरेस्ट को सिंदारोव से हार मिली, जबकि अनीश गिरी को सबसे कम रैंकिंग वाले रोमानियाई खिलाड़ी डेक बोग्दान-डेनियल ने हराया।
अमेरिका के वेस्ले सो को अलीरेजा फिरोजा के हटने से वॉकओवर मिला। टूर्नामेंट की कुल इनामी राशि 3 लाख 75 हजार अमेरिकी डॉलर रखी गई है। विजेता खिलाड़ी को 1 लाख अमेरिकी डॉलर मिलेंगे।
अगर अंक बराबर रहते हैं तो विजेता तय करने के लिए कम समय वाले टाईब्रेकर मुकाबले खेले जाएंगे। भारतीय युवा ग्रैंडमास्टर प्रज्ञानंदा का यह प्रदर्शन एक बार फिर साबित करता है कि वे विश्व शतरंज के सबसे मजबूत खिलाड़ियों को कड़ी चुनौती देने की क्षमता रखते हैं।





