ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

पेंशन दिलाने सास को पीठ पर लादकर बैंक पहुंची बहू

सरगुजा में 90 साल की वृद्धा को 5KM पैदल ढोकर ले गई, कई महीनों से नहीं मिल रहा था पैसा

सरगुजा। सरगुजा जिले के मैनपाट इलाके से मानवता और व्यवस्था की लापरवाही की तस्वीर सामने आई है।

यहां कुनिया गांव की एक बहू अपनी 90 वर्षीय सास को पीठ पर लादकर करीब 5 किलोमीटर पैदल चलकर बैंक पहुंची, ताकि वृद्धा को पेंशन मिल सके।

जानकारी के मुताबिक, जंगलपारा निवासी सुखमनिया अपनी बुजुर्ग सास सोनवारी को पीठ पर उठाकर शुक्रवार को सेंट्रल बैंक पहुंची। वृद्धा को तीन महीने की वृद्धावस्था पेंशन के रूप में 1500 रुपए दिए गए।

खाते में चार महीने की राशि 2000 रुपए जमा थी। बहू सुखमनिया ने बताया कि पहले बैंक मित्र घर पहुंचकर पेंशन दे देते थे, लेकिन कई महीनों से ऐसा नहीं हो रहा था। केवाईसी और भुगतान की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण उन्हें मजबूरी में सास को पीठ पर लादकर बैंक लाना पड़ा।

गांव से बैंक तक का रास्ता बेहद कठिन है और बीच में नाला होने के कारण वहां वाहन भी नहीं पहुंच पाते। सुखमनिया ने बताया कि उनकी सास को सिर्फ 500 रुपए प्रतिमाह वृद्धावस्था पेंशन मिलती है। उन्हें महतारी वंदन योजना का लाभ भी नहीं मिल रहा है।

वहीं बैंक प्रबंधन ने कहा कि मैनपाट क्षेत्र में वृद्धावस्था पेंशन घर पहुंचाने की सुविधा उपलब्ध है। बैंक मैनेजर मिर्जा अल्ताफ बेक के अनुसार, क्षेत्र में 8 बैंक मित्र काम कर रहे हैं और सूचना मिलने पर वे घर तक भुगतान पहुंचाते हैं।

उनका कहना है कि परिजनों ने बैंक को पहले सूचना नहीं दी थी। घटना सामने आने के बाद बैंक प्रबंधन ने आश्वासन दिया है कि आगे से सोनवारी को बैंक आने की जरूरत नहीं पड़ेगी और बैंक मित्र घर पहुंचकर पेंशन राशि देंगे।

Related Articles

Back to top button