NIA चार्जशीट में खुलासा- लश्कर ने करवाया था पहलगाम हमला

पाकिस्तान के कसूर में बैठा था मास्टरमाइंड साजिद जट्ट, TRF बनाकर चला रहा था आतंकी नेटवर्क
दिल्ली। कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) की चार्जशीट में बड़ा खुलासा हुआ है।
जांच एजेंसी के मुताबिक 22 अप्रैल 2025 को बैसरन घाटी में हुए हमले के पीछे पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन Lashkar-e-Taiba का हाथ था। इस हमले का मास्टरमाइंड सैफुल्लाह उर्फ साजिद जट्ट उर्फ लंगड़ा बताया गया है, जो पाकिस्तान के कसूर इलाके में रहता है।
चार्जशीट के अनुसार साजिद जट्ट हमले के दौरान आतंकियों के लगातार संपर्क में था और उन्हें रियल टाइम निर्देश दे रहा था। उसने ही हमले की लोकेशन शेयर की थी।
हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें 25 पर्यटक और एक स्थानीय नागरिक शामिल था। 16 लोग घायल हुए थे। आतंकियों ने धर्म पूछकर लोगों को निशाना बनाया था।
NIA की जांच में यह भी सामने आया कि हमले से पहले तीनों आतंकी बैसरन घाटी में टूरिस्ट गाइड परवेज और बशीर के संपर्क में आए थे। आरोप है कि दोनों गाइड ने आतंकियों की मौजूदगी की जानकारी सुरक्षा एजेंसियों को नहीं दी। फिलहाल दोनों गिरफ्तार हैं।
चार्जशीट में कहा गया है कि साजिद जट्ट ने 2019 में The Resistance Front को खड़ा किया था, जो लश्कर का प्रॉक्सी संगठन माना जाता है। उस पर भर्ती, फंडिंग, घुसपैठ और आतंकियों को लॉजिस्टिक सपोर्ट देने के आरोप हैं।
NIA ने उसे पहलगाम हमले के अलावा डांगरी हमला, पुंछ एयरफोर्स काफिले पर हमला और रियासी बस हमले की साजिश से भी जोड़ा है। वहीं, 28 जुलाई 2025 को ऑपरेशन महादेव में पहलगाम हमले में शामिल तीन पाकिस्तानी आतंकी ढेर किए जा चुके हैं।
भारत ने इस हमले के जवाब में 6-7 मई 2025 की रात ऑपरेशन सिंदूर चलाकर पाकिस्तान और PoK में 9 आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की थी।



