बीएड की 900 खाली सीटों के लिए फिर खुला पोर्टल, 22-23 नवंबर तक कर सकेंगे रजिस्ट्रेशन

SCERT ने अंतिम चरण की काउंसिलिंग में किया संशोधन; पहले से प्रवेश ले चुके अभ्यर्थी नहीं कर सकेंगे आवेदन
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बीएड की खाली सीटों पर प्रवेश के लिए राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) ने एक बार फिर ऑनलाइन पंजीयन का मौका दिया है। अंतिम यानी तृतीय चरण की काउंसिलिंग में तीन सूची जारी होने के बाद भी करीब 900 सीटें खाली हैं। इन्हें भरने के लिए नए पंजीयन और कॉलेज विकल्पों में संशोधन का पोर्टल खोल दिया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी 22 और 23 नवंबर को ऑनलाइन नामांकन और विकल्प संशोधन कर सकेंगे।
इस प्रक्रिया में वही अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं, जिन्होंने अब तक किसी भी बीएड कॉलेज में प्रवेश नहीं लिया है। पहले से किसी महाविद्यालय में प्रवेश प्राप्त कर चुके विद्यार्थी इसके लिए पात्र नहीं होंगे। काउंसिलिंग में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को ऑनलाइन सहमति देना अनिवार्य होगा।
नए अभ्यर्थियों को शुल्क देकर करना होगा पंजीयन
जिन विद्यार्थियों ने पहले काउंसिलिंग के लिए पंजीयन नहीं कराया है और किसी कॉलेज में प्रवेश भी नहीं लिया है, वे निर्धारित शुल्क जमा कर नया पंजीयन करा सकते हैं। वहीं, प्रथम, द्वितीय या तृतीय चरण में पंजीयन कराने वाले, लेकिन अब तक प्रवेश नहीं लेने वाले अभ्यर्थियों को राहत दी गई है। वे उपलब्ध रिक्त सीटों के अनुसार अपने कॉलेज विकल्पों में निशुल्क संशोधन कर सकेंगे।
कॉलेज मिलने के बाद प्रवेश नहीं लेने वालों को भी मौका
तृतीय चरण में कॉलेज आवंटित होने के बावजूद तय समय में प्रवेश नहीं लेने वाले अभ्यर्थी भी दोबारा प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। इसके लिए उन्हें निर्धारित पंजीयन शुल्क जमा कर फिर से नामांकन करना होगा। इसके बाद वे आगामी काउंसिलिंग में भाग ले पाएंगे।
SCERT के इस फैसले से खाली सीटों को भरने के साथ उन विद्यार्थियों को भी प्रवेश का अवसर मिलेगा, जो पहले किसी कारण से बीएड में दाखिला नहीं ले सके थे।





