26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आज से आगाज: 5 संभागों के 540 खिलाड़ी दिखाएंगे दम, 4 दिनों तक खेलों का होगा महाकुंभ

जीपीएम। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ मंगलवार 18 अगस्त को होगा। चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता का आयोजन 18 से 21 अगस्त तक फिजिकल कॉलेज खेल मैदान, पेंड्रा में किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों से आए लगभग 540 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी विभिन्न खेल स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे। आयोजन को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है और प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची करेंगे। वहीं, कोरबा लोकसभा सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत और कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव अति विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में शामिल होंगे।
प्रतियोगिता के दौरान जिम्नास्टिक, क्रिकेट, ताइक्वांडो और कबड्डी जैसी खेल विधाओं में मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। जिम्नास्टिक और ताइक्वांडो प्रतियोगिताओं में बालक और बालिका वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जबकि क्रिकेट में बालक और कबड्डी में बालिका वर्ग की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।
आयोजकों के मुताबिक, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का उद्देश्य खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। इससे खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में अपने कौशल को निखारने का अवसर मिलेगा और भविष्य में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए खुद को तैयार करने में मदद मिलेगी।
जिले में खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, सुरक्षा और परिवहन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता से पूरे जिले में खेलों का माहौल रहेगा और प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने का अवसर मिलेगा।





