विधायक के ऑफिस से मिले ₹1.02 करोड़ कैश: CM शुभेंदु अधिकारी बोले- भ्रष्टाचार का छोटा हिस्सा, पार्टी ने पुलिस पर लगाए सबूत रखने के आरोप

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक कार्यालय से पुलिस ने 1.02 करोड़ रुपए से ज्यादा नकदी बरामद की है। यह कार्यालय बागी TMC विधायक शमीम अहमद का बताया जा रहा है।
नकदी मिलने के बाद राज्य की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी पर निशाना साधते हुए बरामद रकम को बड़े भ्रष्टाचार का छोटा हिस्सा बताया। वहीं, TMC ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए झूठे सबूत रखने का आरोप लगाया है।
सुमित रॉय से पूछताछ के बाद छापा
डायमंड हार्बर के एडिशनल एसपी अभिषेक मजूमदार के मुताबिक, पुलिस ने यह कार्रवाई अभिषेक बनर्जी के गिरफ्तार सहयोगी सुमित रॉय से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर की। रॉय कथित वित्तीय गड़बड़ी के मामले में पुलिस हिरासत में है। उससे मिली जानकारी के बाद पुलिस टीम ने विधायक शमीम अहमद के बताए जा रहे कार्यालय में छापा मारा। यहां से 1.02 करोड़ रुपए से ज्यादा नकदी बरामद हुई।
CM बोले- यह तो रोज की कमाई का छोटा हिस्सा
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस बरामदगी को लेकर ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य का पूरा राजस्व हड़प लिया गया है। बरामद रकम बड़े भ्रष्टाचार का छोटा हिस्सा है। अधिकारी ने तंज कसते हुए कहा कि यह पैसा उनके लिए कुछ भी नहीं है, यह तो उनकी रोज की कमाई का हिस्सा था।
TMC ने पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल
दूसरी ओर, TMC ने पुलिस की कार्रवाई को संदिग्ध बताते हुए आरोप लगाया कि निगरानी में रखे गए कार्यालय में जानबूझकर नकदी रखकर झूठे सबूत तैयार किए गए हैं। पार्टी ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। हालांकि, बरामद नकदी के स्रोत और इसके इस्तेमाल को लेकर जांच जारी है।
अभिषेक बनर्जी पर पहले भी लगे हैं आरोप
अभिषेक बनर्जी पर कोयला तस्करी, शिक्षक भर्ती और गौ-तस्करी से जुड़े मामलों में कथित संलिप्तता के आरोप लगते रहे हैं। इन मामलों में आरोपों और राजनीतिक दावों को लेकर विवाद बना हुआ है। ताजा नकदी बरामदगी ने पश्चिम बंगाल में सियासी टकराव को और बढ़ा दिया है। पुलिस अब बरामद रकम के स्रोत और मामले से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।





