DMR ऑफिस पर पेट्रोल बम फेंके, कार में लगी आग

दिल्ली। मेघालय की राजधानी शिलॉन्ग में बुधवार शाम डायरेक्टोरेट ऑफ मिनरल रिसोर्सेज (DMR) के ऑफिस पर पेट्रोल बम से हमला किया गया। अज्ञात हमलावरों ने ऑफिस परिसर में पेट्रोल बम फेंके और मौके से फरार हो गए। घटना के समय कार्यालय के अंदर कर्मचारी मौजूद थे। हमले के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस के मुताबिक, हमलावरों की ओर से फेंका गया एक पेट्रोल बम DMR के एक अधिकारी की कार पर जा गिरा। इससे कार में आग लग गई। आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। हालांकि, हमले में किसी के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके की जांच की। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
इस मामले में लैतुमखरा पुलिस स्टेशन में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हमले के पीछे कौन लोग हैं और उनका मकसद क्या था, इसकी जांच की जा रही है।
पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद DMR कार्यालय और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हमला किसी विशेष विवाद से जुड़ा है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। फिलहाल पुलिस ने हमले के कारण और आरोपियों की पहचान को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।





