जूनियर हॉकी एशिया कप में छत्तीसगढ़ की गीता-मधु का जलवा: चार-चार गोल दागे

बिलासपुर। चीन के मोकी शहर में आयोजित जूनियर महिला हॉकी एशिया कप में छत्तीसगढ़ की दो खिलाड़ियों ने भारतीय टीम की जीत में अहम योगदान दिया। बिलासपुर के राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र बहतराई की आवासीय हॉकी अकादमी में प्रशिक्षण ले रहीं गीता यादव और मधु सिदार ने टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए चार-चार गोल किए। दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन से बिलासपुर और छत्तीसगढ़ का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।
टूर्नामेंट के मुकाबलों में दोनों खिलाड़ियों ने लगातार प्रभावी खेल दिखाया। दक्षिण कोरिया के खिलाफ मैच में मधु सिदार ने गोल कर भारत की जीत में योगदान दिया। इसके बाद मलेशिया के खिलाफ भारतीय टीम ने 11-1 से बड़ी जीत दर्ज की। इस मुकाबले में गीता यादव ने दो गोल किए।
पाकिस्तान के खिलाफ भी दिखाया दम
भारत और पाकिस्तान के बीच हुए मुकाबले में छत्तीसगढ़ की दोनों खिलाड़ियों ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 19-0 से हराया। इस मैच में गीता यादव और मधु सिदार ने दो-दो गोल दागे। पूरे टूर्नामेंट में दोनों खिलाड़ियों के खाते में चार-चार गोल रहे।
खेल विभाग ने किया सम्मान
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने दोनों खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनके प्रदर्शन पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि गीता और मधु ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने खेल कौशल से छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं और विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस दौरान बिलासपुर आवासीय हॉकी अकादमी के वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो, खेलो इंडिया एक्सीलेंस सेंटर के हाई परफॉर्मेंस मैनेजर कुलदीप बरार और बिलासपुर के खेल अधिकारी सुशील मौजूद रहे।





