9 दिन में तीसरी बार बढ़ोतरी; दिल्ली में पेट्रोल ₹99.51 और डीजल ₹92.49 प्रति लीटर पहुंचा
दिल्ली। देशभर में महंगाई का असर अब ईंधन की कीमतों पर भी लगातार दिखाई दे रहा है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी की गई है।
दिल्ली में पेट्रोल 87 पैसे महंगा होकर ₹99.51 प्रति लीटर पहुंच गया है, जबकि डीजल 91 पैसे बढ़कर ₹92.49 प्रति लीटर हो गया है। इसके साथ ही दिल्ली-एनसीआर में CNG की कीमतों में भी ₹1 प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है। अब राजधानी में CNG ₹81.09 प्रति किलो मिलेगी।
पिछले 9 दिनों में यह तीसरी बार है जब पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले 15 मई को कीमतों में ₹3 प्रति लीटर और 19 मई को करीब 90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। वहीं CNG के दाम भी 15 मई को ₹2 और 18 मई को ₹1 बढ़ाए गए थे।
विशेषज्ञों के मुताबिक ईंधन महंगा होने का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ेगा। ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ने से सब्जियां, फल, राशन और रोजमर्रा की चीजें महंगी हो सकती हैं।
इसके अलावा बस, ऑटो और स्कूल वाहनों का किराया बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है। किसानों के लिए ट्रैक्टर और पंपिंग सेट चलाने की लागत भी बढ़ जाएगी।
तेल कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी इसकी बड़ी वजह है। ईरान-अमेरिका तनाव के बीच क्रूड ऑयल की कीमत 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 100 डॉलर के पार पहुंच गई है। इससे सरकारी तेल कंपनियों पर आर्थिक दबाव बढ़ा है।
देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें मार्च 2024 से स्थिर थीं। लोकसभा चुनाव से पहले सरकार ने जनता को राहत देते हुए ₹2 प्रति लीटर की कटौती की थी। हालांकि अब लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
