‘पीपल फॉर पीपुल’ अभियान की शुरुआत: CM साय ने मां के नाम लगाया पीपल, बोले- हर नागरिक लगाए एक पौधा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वन महोत्सव-2026 के तहत नया रायपुर में ‘पीपल फॉर पीपुल’ अभियान की शुरुआत की। उन्होंने अपनी मां के नाम पीपल का पौधा लगाकर प्रदेशवासियों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ने और पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाने की अपील की। इस दौरान करीब 15 एकड़ क्षेत्र में 2,500 से अधिक पीपल के पौधे लगाए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल पर्यावरण की जरूरत नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत और आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में पीपल का विशेष महत्व है। यह न केवल आस्था का प्रतीक है, बल्कि अधिक ऑक्सीजन देने और जैव विविधता के संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाता है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान अब जनआंदोलन बन चुका है। छत्तीसगढ़ में पिछले दो वर्षों में 7 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं, जबकि इस वर्ष ढाई करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वृक्षारोपण तभी सफल होगा, जब पौधों का संरक्षण भी किया जाए।
वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि ‘पीपल फॉर पीपुल’ अभियान हरित और स्वस्थ भविष्य का संकल्प है। उन्होंने बताया कि वन विभाग ने पिछले दो वर्षों में 7.50 करोड़ पौधे रोपे हैं। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराने के साथ एक पौधा लगाने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन समेत कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और नागरिकों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।





