यात्रीगण कृपया ध्यान दें! रेलवे चलाएगा 18,262 समर स्पेशल ट्रेनें, वेटिंग से मिलेगी राहत

दिल्ली। गर्मियों के मौसम में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट से परेशान यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। भारतीय रेलवे ने घोषणा की है कि अगले तीन महीनों में देशभर में कुल 18,262 समर स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इस कदम का उद्देश्य यात्रियों को कन्फर्म टिकट उपलब्ध कराना और भीड़भाड़ को कम करना है।
रेलवे के अनुसार, इनमें से 11,294 ट्रेनों की अधिसूचना पहले ही जारी की जा चुकी है, जिससे यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने में सुविधा मिलेगी। गर्मी की छुट्टियों और बढ़ती यात्रा मांग को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
जोन-वार ट्रेनों के संचालन की बात करें तो सेंट्रल रेलवे में सबसे अधिक 3,082 ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसके बाद पूर्व मध्य रेलवे में 2,711 और उत्तर पश्चिम रेलवे में 2,245 ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इन स्पेशल ट्रेनों के जरिए न सिर्फ अतिरिक्त यात्रियों को समायोजित किया जाएगा, बल्कि वेटिंग लिस्ट को भी काफी हद तक कम किया जा सकेगा। इससे लाखों यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी।
साथ ही, भीड़भाड़ वाले प्रमुख रूट्स पर दबाव कम होगा, जिससे नियमित ट्रेनों का संचालन भी सुचारू रूप से हो सकेगा। यात्रियों को अधिक आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव देने के लिए यह कदम उठाया गया है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे समय रहते टिकट बुक कर अपनी यात्रा सुनिश्चित करें, ताकि इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाया जा सके।





