ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

पंचायत सचिव गिरफ्तार: फर्जी दस्तावेज दिखाकर 27 लाख की जमीन डील में ठगी, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

रायगढ़। जिले में जमीन की खरीद-बिक्री के नाम पर 27 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक पंचायत सचिव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने खुद को जमीन का मालिक बताकर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सौदा किया और पीड़ित से लाखों रुपये ऐंठ लिए। मामले की जांच के बाद थाना पुसौर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम लिंजिर निवासी इंद्रजीत वर्मा (50 वर्ष) ने 5 जून को थाना पुसौर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि ग्राम बघनपुर निवासी भीचरण पटेल, जो पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत है, उनकी बचपन से पहचान थी। आरोपी ने पुसौर तहसील के ग्राम कोडातराई स्थित अपनी बताई गई जमीन बेचने का प्रस्ताव रखा था।

जमीन पसंद आने के बाद 16 सितंबर 2022 को दोनों के बीच 35 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। इस दौरान इंद्रजीत वर्मा ने आरोपी को 27 लाख रुपये अग्रिम राशि के रूप में दे दिए। आरोपी ने विश्वास दिलाने के लिए किसान किताब और अन्य दस्तावेज भी दिखाए तथा नामांतरण प्रक्रिया पूरी होने के बाद रजिस्ट्री कराने का आश्वासन दिया।

कई महीनों तक आरोपी अलग-अलग बहाने बनाकर रजिस्ट्री टालता रहा। संदेह होने पर जब पीड़ित ने तहसील कार्यालय में जानकारी ली तो पता चला कि संबंधित भूमि किसी अन्य व्यक्ति के नाम दर्ज है और आरोपी के नाम से कोई राजस्व प्रकरण लंबित नहीं है। इसके बाद पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे।

आरोपी ने शिकायत दर्ज नहीं कराने की बात कहकर 5 लाख रुपये का एक और 11-11 लाख रुपये के दो चेक दिए, लेकिन बैंक में प्रस्तुत करने पर सभी चेक बाउंस हो गए। बाद में आरोपी ने केवल 1 लाख रुपये लौटाए और बाकी रकम देने के नाम पर लगातार टालमटोल करता रहा।

शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने पर थाना पुसौर में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए आरोपी भीचरण पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button