UP के 19 शहरों का तापमान शिमला से कम, हरियाणा में कोल्डवेव

राजस्थान के 5 जिलों में यलो अलर्ट; चेन्नई में 8 फ्लाइट कैंसिल
दिल्ली। देशभर में कड़ाके की सर्दी का असर देखने को मिल रहा है। उत्तर प्रदेश में बुधवार को ठंड ने रिकॉर्ड तोड़ दिया। राज्य के 19 शहरों का न्यूनतम तापमान शिमला के 6.6 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे दर्ज किया गया।
सबसे ठंडा शहर मुजफ्फरनगर रहा, जहां पारा 2.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मेरठ, संभल समेत करीब 25 जिलों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। बिजनौर में कोहरे के कारण एक बस पलट गई, हादसे में 38 यात्री घायल हो गए।
हरियाणा में हालात और भी गंभीर हैं। मौसम विभाग ने राज्य के 14 जिलों में सीवियर कोल्डवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान में औसतन 3.8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। करनाल में अधिकतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा। अन्य जिलों में घना कोहरा और कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है।
राजस्थान के 5 जिलों में सर्दी को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से मौसम साफ होने की संभावना है और कोल्डवेव से कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि 19 जनवरी के बाद फिर मौसम बदलने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
बिहार में भी ठंड का असर तेज है। राज्य के 18 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। भागलपुर के सबौर में सबसे कम 5.9 डिग्री तापमान रहा। ठंड को देखते हुए पटना में पहली से 12वीं तक की कक्षाएं सुबह 9 बजे से संचालित की जा रही हैं।
उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में स्थिति और कठोर है। पिथौरागढ़, चमोली, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में झरने जम गए हैं और तापमान माइनस 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। उधर, तमिलनाडु के चेन्नई में घने कोहरे और स्मॉग के कारण चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 8 फ्लाइट रद्द करनी पड़ीं, जबकि 10 उड़ानें 1 से 3 घंटे की देरी से संचालित हो रही हैं।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी तथा मैदानी इलाकों में घने कोहरे और कड़ाके की ठंड की चेतावनी दी है।





