मनगटा रिसॉर्ट मौत मामला: युवती की संदिग्ध मौत के बाद रिसॉर्ट संचालक समेत 3 गिरफ्तार, गैंगरेप का केस दर्ज

राजनांदगांव। राजनांदगांव जिले के सोमनी थाना क्षेत्र स्थित मनगटा के एक निजी रिसॉर्ट में 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर रिसॉर्ट संचालक सहित तीन लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है, जबकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार, भिलाई निवासी 24 वर्षीय युवती को 18 जून की सुबह अचेत अवस्था में मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंड्री लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवती को अस्पताल लेकर पहुंचे मुख्य आरोपी आशुतोष साहू ने पुलिस को बताया था कि सभी लोग रिसॉर्ट में रुके हुए थे और सुबह युवती बाथरूम में बेहोश मिली थी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 17 जून की रात आशुतोष साहू और उसके साथी मृतका तथा उसकी एक सहेली के साथ पहले रायपुर के एक क्लब गए थे। इसके बाद सभी लोग देर रात मनगटा स्थित रिसॉर्ट पहुंचे थे। यहीं पर यह पूरी घटना हुई।
मामले ने उस समय गंभीर मोड़ ले लिया जब पोस्टमार्टम के दौरान युवती के शरीर पर कुछ संदिग्ध निशान पाए गए। इसके बाद मृतका के परिजनों ने हत्या और साजिश की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर रिसॉर्ट संचालक आशुतोष साहू, छत्रपाल और घनश्याम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64 (दुष्कर्म), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, मृतका का विसरा फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों और मामले की अन्य परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस विस्तृत विवेचना में जुटी हुई है।





