छात्र संघ चुनाव को लेकर NSUI का CM हाउस घेराव आज: भाजपा-कांग्रेस दोनों पक्ष में, एक-दूसरे पर लगाए आरोप

रायपुर। छत्तीसगढ़ में छात्र संघ चुनाव की बहाली को लेकर सियासत तेज हो गई है। एनएसयूआई आज मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेगी।
संगठन की मांग है कि प्रदेश के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में छात्र संघ चुनाव जल्द कराए जाएं। इस मुद्दे पर भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने भी अपनी राय रखी है। खास बात यह रही कि दोनों दल छात्र संघ चुनाव के पक्ष में नजर आए, लेकिन चुनाव नहीं होने के लिए एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहराते दिखे।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और रायपुर के पूर्व महापौर प्रमोद दुबे ने कहा कि छात्र संघ चुनाव नेतृत्व तैयार करने की पहली पाठशाला हैं। उनके मुताबिक कॉलेज और विश्वविद्यालयों में होने वाले चुनाव युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया, संगठन कौशल और प्रशासनिक समझ विकसित करने का मौका देते हैं।
उन्होंने कहा कि देश के कई बड़े नेता छात्र राजनीति से निकलकर मुख्यधारा की राजनीति में पहुंचे हैं। कांग्रेस शासन में चुनाव नहीं होने पर उन्होंने कोविड महामारी को जिम्मेदार बताया।
युवा नेताओं ने भी चुनाव की मांग का समर्थन किया। भाजयुमो से जुड़े प्रखर मिश्रा ने कहा कि छात्र संघ चुनाव गरीब और मध्यमवर्गीय युवाओं को राजनीति में आने का अवसर देते हैं।
वहीं NSUI जिलाध्यक्ष शांतनु झा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर अब सरकार चुनाव कराना चाहती है तो संगठन उसका समर्थन करेगा। छात्र संघ चुनाव को लेकर अब प्रदेश में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है और NSUI का प्रदर्शन इस मुद्दे को और बड़ा बना सकता है।





