मुंगेली में खाद-बीज की नहीं होगी कमी, 25 हजार मीट्रिक टन से अधिक उर्वरक उपलब्ध

खरीफ सीजन की तैयारी पूरी, प्रशासन की निगरानी में किसानों तक पहुंच रहा पर्याप्त खाद
रायपुर। खरीफ सीजन 2026 की शुरुआत के साथ मुंगेली जिले में किसानों को खाद और बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और कृषि विभाग पूरी तरह सक्रिय हैं। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश पर उर्वरकों के भंडारण, वितरण और निगरानी की मजबूत व्यवस्था की गई है, ताकि किसानों को खेती के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिले में वर्तमान में सहकारी, निजी और डबल लॉक केंद्रों सहित 25 हजार मीट्रिक टन से अधिक रासायनिक उर्वरक उपलब्ध है। कृषि विभाग के अनुसार सहकारी क्षेत्र में अब तक 14 हजार 217 मीट्रिक टन से अधिक उर्वरकों का भंडारण किया गया है। इसमें यूरिया, डीएपी, एनपीके, एसएसपी और म्यूरेट ऑफ पोटॉश शामिल हैं। वहीं निजी क्षेत्र में 10 हजार 727 मीट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध कराया गया है।
इसके अलावा डबल लॉक केंद्रों में 4 हजार 208 मीट्रिक टन तथा निजी थोक विक्रेताओं के पास 1 हजार 213 मीट्रिक टन उर्वरक सुरक्षित रूप से रखा गया है। किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से अब तक 5 हजार 668 मीट्रिक टन और निजी विक्रेताओं के जरिए 6 हजार 829 मीट्रिक टन रासायनिक उर्वरक का वितरण किया जा चुका है।
बीज की उपलब्धता को लेकर भी प्रशासन ने पर्याप्त इंतजाम किए हैं। जिले की 66 सहकारी समितियों में 12 हजार 412 क्विंटल बीज का भंडारण किया गया है, जिसमें मुख्य रूप से धान और अरहर के बीज शामिल हैं। वहीं निजी क्षेत्र के 200 से अधिक केंद्रों में करीब 1 हजार 50 क्विंटल बीज उपलब्ध है।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि जिले में खाद और बीज का पर्याप्त भंडारण मौजूद है तथा लगातार नई खेप भी पहुंच रही है। इसलिए किसी भी अफवाह या भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें और आवश्यकता के अनुसार ही खाद खरीदें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि किसानों को खाद-बीज की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।





