ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सरकारी दफ्तरों के चक्कर खत्म, सेवा सेतु से घर बैठे मिल रहीं 900 सेवाएं

एक मंच पर 900 से अधिक सेवाएं उपलब्ध, घर और गांव के नजदीक मिल रही सुविधाएं

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन की ‘सेवा सेतु’ पहल से नागरिकों को सरकारी सेवाएं आसान तरीके से उपलब्ध कराने की व्यवस्था मजबूत हुई है। विभिन्न विभागों की 900 से अधिक सेवाओं को एकीकृत डिजिटल मंच से जोड़ा गया है। इसके जरिए लोग घर बैठे या नजदीकी सेवा सेतु केंद्र से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की स्थिति जानने और प्रमाण पत्र प्राप्त करने की सुविधा भी डिजिटल माध्यम से उपलब्ध है।

सेवा सेतु का उद्देश्य नागरिकों को छोटी-छोटी सरकारी सेवाओं के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है। आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन, भू-अभिलेख और राजस्व सेवाओं सहित कई सुविधाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। डिजिटल प्रमाण पत्र में क्यूआर आधारित सत्यापन, एसएमएस और व्हाट्सऐप अलर्ट जैसी सुविधाएं भी प्रक्रिया को सुविधाजनक बना रही हैं।

डॉली की समस्या हुई दूर

अंबिकापुर निवासी डॉली गंधर का अनुभव सेवा सेतु की उपयोगिता को सामने लाता है। आधार कार्ड में नाम संबंधी त्रुटि के कारण उन्हें बैंक खाता खुलवाने में परेशानी हो रही थी। बैंक खाता नहीं होने से छात्रवृत्ति की प्रक्रिया भी प्रभावित थी। उन्होंने सेवा सेतु केंद्र में आवेदन किया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद आधार में नाम संबंधी त्रुटि का निराकरण हो गया। अब उनके लिए बैंक खाता और छात्रवृत्ति से जुड़ी प्रक्रिया आगे बढ़ाना आसान हुआ है।

गांवों तक पहुंच रही डिजिटल सुविधा

सेवा सेतु के जरिए ग्राम पंचायत स्तर पर भी नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। विवाह प्रमाण पत्र, भवन अनुज्ञा, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई और नाम परिवर्तन जैसी सेवाओं को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने की दिशा में काम हो रहा है। कर्मचारियों और केंद्र संचालकों को प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

ऑनलाइन आवेदन और ट्रैकिंग से प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने का प्रयास है। इससे नागरिकों के समय, श्रम और आने-जाने के खर्च की बचत होगी। सेवा सेतु के माध्यम से डिजिटल तकनीक को नागरिक सुविधा से जोड़ते हुए सरकारी सेवाओं को लोगों के और करीब लाने की पहल की जा रही है।

Related Articles

Back to top button