21 जून को फिर होगी NEET-UG परीक्षा: छत्तीसगढ़ के 19 शहरों में 127 सेंटर, एयरफोर्स से पहुंचेंगे प्रश्नपत्र

रायपुर। NEET (UG) 2026 परीक्षा के दोबारा आयोजन को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 21 जून को होने वाली परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए राज्यभर में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रदेश के 19 शहरों में कुल 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लाखों अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में सभी जिलों के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए। बैठक में परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने बताया कि प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट एयरफोर्स के माध्यम से जिलों तक पहुंचाई जाएंगी, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या लीक की संभावना को पूरी तरह खत्म किया जा सके। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, तकनीकी व्यवस्थाओं और मूलभूत सुविधाओं को समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को केंद्र सरकार और एनटीए द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन को परीक्षा से पहले केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की व्यक्तिगत समीक्षा करने को कहा गया है।
21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भी मनाया जाएगा। इसे देखते हुए प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि योग दिवस के कार्यक्रमों का परीक्षा संचालन पर कोई असर न पड़े। परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले मार्गों को बाधारहित रखने और ट्रैफिक प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की जाएगी।
विद्यार्थियों के तनाव को कम करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा काउंसिलिंग भी कराई जाएगी। वहीं, तैयारियों की अंतिम जांच के लिए 20 जून को राज्यभर में मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। प्रत्येक जिले में कंट्रोल रूम स्थापित कर परीक्षा दिवस पर लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति का तुरंत समाधान किया जा सके।



