रायपुर। रायपुर। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में एनडीए की जीत को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे ऐतिहासिक जनादेश बताया है। उन्होंने कहा कि यह परिणाम देश में विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति के प्रति जनता के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। सीएम साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर तीनों राज्यों की जनता का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में मिली सफलता और असम व पुडुचेरी में दोबारा जनादेश, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे ‘विकसित भारत’ के संकल्प पर जनता की मुहर है। यह जीत लोकतंत्र की मजबूती और जनविश्वास का प्रतीक है।
सीएम साय ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि यह जनादेश तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार और भय की राजनीति पर करारा जवाब है। उन्होंने इसे विकास और पारदर्शी शासन की जीत बताया। साथ ही पश्चिम बंगाल के कार्यकर्ताओं के समर्पण और संघर्ष को इस सफलता का प्रमुख कारण बताया।
साय ने भाजपा संगठन के नेतृत्व की सराहना करते हुए अमित शाह के मार्गदर्शन और पार्टी पदाधिकारियों के योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को इस जीत के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।
