कवर्धा में दर्दनाक हादसा: नदी में कार गिरने से 4 युवकों की मौत, 2 गंभीर घायल

दिल्ली। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 4 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पांडातराई थाना क्षेत्र में हुआ, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुल से करीब 30 फीट नीचे फोक नदी में जा गिरी।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सभी युवक रायपुर के बिरगांव क्षेत्र से पंडरिया में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में पांडातराई के पास सड़क पर बने गड्ढे से कार का संतुलन बिगड़ गया। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार पुल से नीचे लुढ़कते हुए नदी में गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने घायलों को कार से बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल भिजवाया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को बाहर निकलवाकर पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि सभी युवक शादी में शामिल होने जा रहे थे और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को भी नदी से बाहर निकाल लिया गया है। इस हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।

Exit mobile version