कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। कुकदुर क्षेत्र के केसमरदा गांव में रविवार रात चार हाथियों के दल ने जमकर उत्पात मचाया।
हाथियों ने बस्ती में घुसकर बैगा परिवार के दो घरों में तोड़फोड़ की और वहां रखे खाद्य पदार्थों को बिखेर दिया। एक घर में शादी की तैयारी के लिए रखी नौ बोरी चावल भी हाथियों ने बर्बाद कर दिए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, केसमरदा गांव में बैगा परिवार के सदस्य रात में घरों में सो रहे थे। इसी दौरान चार हाथियों का दल अचानक बस्ती में पहुंच गया।
हाथियों को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। हाथियों ने दो घरों को नुकसान पहुंचाया और घरों में रखे खाने-पीने के सामान को खा लिया।
शादी की तैयारी के लिए रखे थे चावल
हाथियों ने बुधसिंह बैगा के घर में भी तोड़फोड़ की। परिवार में शादी की तैयारी चल रही थी। इसके लिए घर में नौ बोरी चावल रखे गए थे। हाथियों ने चावल को खाकर और बिखेरकर खराब कर दिया। इससे परिवार को आर्थिक नुकसान हुआ है।
एक सप्ताह पहले महिला की हुई थी मौत
कुकदुर क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीण पहले से परेशान हैं। करीब एक सप्ताह पहले हाथियों के इसी दल ने बनगौरा-दलदली क्षेत्र में मितानिन बैगिनबाई पर हमला कर दिया था, जिससे उनकी मौत हो गई थी।
लगातार हो रही घटनाओं के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने और सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रहा है।
