बस्तर फाइटर आरक्षक के 79 पदों पर भर्ती: 5वीं और 10वीं पास युवाओं को मौका, 12 दिसंबर तक करें आवेदन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। बस्तर जिले में बस्तर फाइटर आरक्षक के 79 पदों पर भर्ती निकली है। इसके लिए केवल बस्तर जिले के मूल स्थानीय निवासी ही आवेदन कर सकेंगे।

सामान्य अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम योग्यता 10वीं पास रखी गई है, जबकि अनुसूचित जनजाति और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के पात्र परिवारों के उम्मीदवार 5वीं पास होने पर भी आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन प्रक्रिया 2 नवंबर से शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 12 दिसंबर 2026 को शाम 5 बजे तक आवेदन जमा कर सकते हैं।

ST के लिए 50 पद आरक्षित

कुल 79 पदों में अनुसूचित जनजाति के लिए 50, अनारक्षित वर्ग के लिए 16, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 11 और अनुसूचित जाति के लिए 2 पद निर्धारित हैं। उम्मीदवारों की उम्र 18 से 28 वर्ष के बीच होनी चाहिए।

एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग को अधिकतम आयु सीमा में 5 साल की छूट मिलेगी। बस्तर की स्थानीय महिला उम्मीदवारों को 10 साल तक की छूट का प्रावधान है।

दौड़, लंबी कूद और लिखित परीक्षा से चयन

चयन प्रक्रिया में दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक माप, शारीरिक दक्षता परीक्षा, लिखित परीक्षा और साक्षात्कार शामिल हैं। शारीरिक दक्षता परीक्षा 100, लिखित परीक्षा 50 और साक्षात्कार 20 अंकों का होगा।

शारीरिक परीक्षा में 100 और 800 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद और गोला फेंक जैसी गतिविधियां शामिल हैं।

स्थानीय बोली का ज्ञान, हैवी ड्राइविंग लाइसेंस और एनसीसी-एनएसएस प्रमाणपत्र जैसी अतिरिक्त योग्यताओं पर अधिकतम 30 बोनस अंक मिल सकते हैं।

भर्ती में महिलाओं के लिए 30%, भूतपूर्व सैनिकों के लिए 10%, नगर सैनिकों के लिए 25%, सहायक आरक्षकों के लिए 15% और पूर्व अग्निवीरों के लिए 10% आरक्षण निर्धारित है।

यहां जमा कर सकते हैं आवेदन

अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में आवेदन पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जगदलपुर में जमा कर सकते हैं। इसके अलावा एसडीओपी कार्यालय केशलूर, लोहांडीगुड़ा और भानपुरी में भी आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।

डाक से आवेदन भेजने के लिए रजिस्टर्ड पोस्ट का इस्तेमाल करना होगा। सामान्य डाक से भेजे गए आवेदन मान्य नहीं होंगे। चयनित अभ्यर्थियों को वेतन मैट्रिक्स के लेवल-4 के अनुसार वेतन मिलेगा।

↑
Exit mobile version