रायपुर में RCB vs MI मैच: 10वीं-12वीं टॉपर्स को फ्री एंट्री, टिकटों की जबरदस्त डिमांड

रायपुर। रायपुर में 10 मई को होने वाले IPL मुकाबले को लेकर क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। आरसीबी और मुंबई इंडियंस के बीच यह हाई-वोल्टेज मैच खेला जाएगा।

टिकटों की ऑनलाइन बिक्री शुरू होते ही सबसे सस्ती 2500 रुपए वाली टिकटें कुछ ही मिनटों में सोल्ड आउट हो गईं, जिससे मुकाबले की लोकप्रियता साफ नजर आ रही है।

इस बार सभी टिकटें केवल ऑनलाइन माध्यम से ही उपलब्ध हैं। फिलहाल 3300 रुपए से लेकर 8000 रुपए तक की टिकटें बिक्री के लिए खुली हैं।

वहीं 12 मई को होने वाले मुकाबले, जिसमें आरसीबी और कोलकाता नाइट राइडर्स आमने-सामने होंगी, उसकी टिकट बुकिंग 4 मई से शुरू कर दी गई है।

इस आयोजन की खास बात यह है कि छत्तीसगढ़ में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में मेरिट में आने वाले छात्रों को यह मैच मुफ्त में दिखाया जाएगा।

स्कूल शिक्षा विभाग ने इसके लिए विशेष व्यवस्था की है। चयनित छात्रों को शिक्षकों के साथ रायपुर लाया जाएगा, जहां से उन्हें स्टेडियम पहुंचाया जाएगा।

मैच के लिए डिजिटल M-टिकट जारी किए गए हैं, जिनमें QR कोड के जरिए एंट्री मिलेगी। यह QR कोड मैच वाले दिन ही एक्टिव होगा, जिससे फर्जी एंट्री और ब्लैक मार्केटिंग पर रोक लगेगी। हर टिकट केवल एक बार ट्रांसफर किया जा सकेगा।

स्टेडियम के गेट दोपहर 3:30 बजे खुलेंगे और दर्शकों को निर्धारित गेट से ही प्रवेश मिलेगा। सुरक्षा को देखते हुए कई सामानों पर प्रतिबंध लगाया गया है। आयोजकों ने दर्शकों से समय पर पहुंचने और नियमों का पालन करने की अपील की है।

Exit mobile version