रायपुर। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के ग्राम लोखान में एक बेहद आत्मीय और भावुक दृश्य देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक ग्रामीण के सादे निमंत्रण को स्वीकार करते हुए उसके घर पहुंचकर गृह प्रवेश कराया। इस दौरान गांव में उत्साह का माहौल रहा और लोगों ने मुख्यमंत्री की सादगी और जनसंपर्क शैली की सराहना की।
ग्राम लोखान निवासी मोहन मरावी ने अपने नए पक्के घर के गृह प्रवेश कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया था। सीएम साय ने बिना किसी औपचारिकता के यह न्योता स्वीकार किया और सीधे उनके घर पहुंच गए। उन्होंने नारियल फोड़ा, दीप प्रज्वलित किया और विधिवत पूजा-अर्चना कर गृह प्रवेश संपन्न कराया। इस दौरान परिवार के चेहरों पर खुशी और गर्व साफ झलक रहा था।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए मोहन मरावी से पूछा—“आवास कोन भेजिस?” इस पर मोहन ने तुरंत जवाब दिया—“पीएम मोदी।” यह संवाद पूरे माहौल को भावनात्मक बना गया और योजनाओं के जमीनी असर को दर्शाता नजर आया।
मोहन ने बताया कि उनका घर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिली सहायता और अपनी मेहनत से बना है। पहले उनका घर कच्चा था, लेकिन वर्ष 2024-25 में योजना स्वीकृत होने के बाद उन्होंने खुद ईंट बनाकर चार कमरों का पक्का घर तैयार किया।
मुख्यमंत्री साय ने घर की गुणवत्ता और निर्माण में लगी मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि जब सरकारी योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचती हैं और उसमें जनभागीदारी जुड़ती है, तभी वास्तविक विकास संभव होता है। उन्होंने परिवार को बधाई देते हुए इसे आत्मनिर्भरता और प्रेरणा का उदाहरण बताया।
