नेशनल ट्राइबल गेम्स-2026 का आगाज, रायपुर में जुटे 30 राज्यों के आदिवासी खिलाड़ी

रायपुर। छत्तीसगढ़ की मेजबानी में आज से ‘नेशनल ट्राइबल गेम्स-2026’ का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है।
खेल और संस्कृति के इस अनूठे संगम में देश के 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के आदिवासी खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। 3 अप्रैल तक चलने वाली इस प्रतियोगिता का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में होगा।
पहले दिन का खेल शेड्यूल
प्रतियोगिता के पहले दिन तैराकी, फुटबॉल और वेटलिफ्टिंग जैसे खेलों की धूम रहेगी:
- स्विमिंग (इंटरनेशनल पूल): सुबह 9 बजे से हीट्स शुरू होंगी और शाम 4:30 बजे से 200 मीटर फ्रीस्टाइल, 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक और 50 मीटर बटरफ्लाई के फाइनल मुकाबले होंगे।
- फुटबॉल (महिला वर्ग): सुबह 7:30 बजे तमिलनाडु बनाम गुजरात के मैच से शुरुआत हुई। शाम 4 बजे से सिक्किम बनाम झारखंड और छत्तीसगढ़ बनाम आंध्र प्रदेश जैसे कड़े मुकाबले देखने को मिलेंगे।
- हॉकी व वेटलिफ्टिंग: आज टेक्निकल मीटिंग्स और ज्यूरी की बैठकों के साथ रणनीति तैयार की जाएगी।
आयोजन स्थल और भागीदारी
खेलो का विस्तार केवल रायपुर तक सीमित नहीं है, अंबिकापुर में कुश्ती और मलखंब और जगदलपुर में एथलेक्टिस के रोमांचक मुकाबले हो रहे है। आयोजन में छत्तीसगढ़ के 180 खिलाड़ी अपना जौहर दिखाएंगे।
‘मोरवीर’ और ‘विकसित भारत’ का विजन
केंद्रीय मंत्री मांडविया ने इस आयोजन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत” विजन का हिस्सा बताया है। इसका मुख्य उद्देश्य दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों की छिपी हुई प्रतिभाओं को पहचानना और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण प्रदान करना है।
गौरतलब है कि इन खेलों का शुभंकर (मैस्कॉट) ‘मोरवीर’ है, जिसे पिछले दिनों बिलासपुर में लॉन्च किया गया था। यह आयोजन न केवल छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है, बल्कि आदिवासी युवाओं के लिए राष्ट्रीय खेल ढांचे में शामिल होने का एक स्वर्णिम द्वार भी है।





