जंगली हाथियों का तांडव: महिला की मौत, बच्ची घायल, वन विभाग की गाड़ी पर भी किया हमला

रायगढ़। जिले के जशपुर सीमा से लगे कापू वन परिक्षेत्र के तालगांव बस्ती में देर रात तीन जंगली हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। रिहायशी इलाके में घुसे हाथियों ने कई मकानों को नुकसान पहुंचाया।
इस दौरान एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। इतना ही नहीं, सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम के वाहन पर भी हाथियों ने हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, देर रात तीन जंगली हाथी अचानक तालगांव बस्ती में घुस आए। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि गांव में लगे पके कटहल की खुशबू से आकर्षित होकर हाथी आबादी वाले क्षेत्र तक पहुंच गए। इसके बाद हाथियों ने कई मकानों में तोड़फोड़ शुरू कर दी, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
इसी दौरान हाथियों के हमले में शंकुतला सिदार गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के समय उनकी गोद में मौजूद दुधमुंहे बच्चे को हाथियों ने कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। वहीं, कुछ दूरी पर मौजूद एक बच्ची को हाथी ने सूंड से उठाकर पटक दिया, जिससे वह घायल हो गई। उसका अस्पताल में इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन हाथियों ने विभाग के वाहन पर भी हमला कर दिया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। हाथियों ने बस्ती के कई घरों में भी तोड़फोड़ की, जिससे ग्रामीणों को भारी नुकसान हुआ।
घटना के बाद वन विभाग और प्रशासन की टीम गांव में कैंप कर रही है। हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
ग्रामीणों से रात के समय घरों से बाहर नहीं निकलने, सतर्क रहने और जंगली हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है। हाथियों की लगातार मौजूदगी से पूरे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।





