StateNewsखेलदेश - विदेश

IPL में मुंबई की छठी हार: हैदराबाद ने 244 रन चेज कर 6 विकेट से जीता, रिकेल्टन का शतक बेकार

दिल्ली। आईपीएल में हाईस्कोरिंग मुकाबले के बावजूद मुंबई इंडियंस को एक और हार का सामना करना पड़ा। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज की।

इस हार के साथ मुंबई की मौजूदा सीजन में यह छठी हार रही, जबकि हैदराबाद ने लगातार पांचवीं जीत हासिल कर अपनी मजबूत स्थिति बना ली है।

मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 243 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से रियान ने शानदार शतक जमाते हुए 55 गेंदों में नाबाद 123 रन बनाए। उनकी इस पारी में 10 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। इसके अलावा विल जैकेस ने 46 और कप्तान हार्दिक ने 31 रन का योगदान दिया, लेकिन टीम की गेंदबाजी कमजोर साबित हुई।

244 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत धमाकेदार रही। ट्रवेस और अभिषेक शर्मा ने पहले विकेट के लिए 129 रन की साझेदारी कर मैच का रुख बदल दिया। हेड ने 76 रन की तेज पारी खेली। इसके बाद हेनीरिच ने 30 गेंदों में नाबाद 65 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया।

मुंबई की ओर से गेंदबाजी में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं दिखा। हालांकि अल्लाह गजनफर ने दो विकेट लेकर मैच में थोड़ी वापसी की कोशिश की, लेकिन हैदराबाद के बल्लेबाजों के सामने यह नाकाफी रहा।

इस जीत के साथ हैदराबाद 12 अंकों के साथ अंकतालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि मुंबई नौवें स्थान पर बनी हुई है। लगातार हार से मुंबई की प्लेऑफ की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है।

Related Articles

Back to top button