ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

मां और छोटे भाई ने बड़े बेटे की हत्या की: पहले गला घोंटा, फिर कीटनाशक पिलाया; आत्महत्या दिखाने फंदे पर लटकाया

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम गोजी में एक मां ने अपने छोटे बेटे के साथ मिलकर बड़े बेटे की हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों ने शव को फंदे से लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी मां और बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक घटना 29 जून की है। 23 वर्षीय नरसिंग साहू की संदिग्ध मौत की सूचना मिलने पर शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का माना गया था। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच में हत्या की पुष्टि होने के बाद मामला पूरी तरह बदल गया।

एडिशनल एसपी शैलेंद्र पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत गला दबाने से दम घुटने के कारण होना सामने आया। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर मृतक की मां कमला बाई साहू (60) और छोटे भाई नरेश साहू (22) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि नरसिंग को शराब पीने की लत थी। वह आए दिन शराब के लिए घरवालों से पैसे मांगता था। पैसे नहीं मिलने पर विवाद करता और मारपीट पर उतारू हो जाता था। घटना वाले दिन भी उसने शराब के लिए पैसे मांगे। मां के इनकार करने पर विवाद बढ़ गया। गुस्से में मां और छोटे भाई ने पहले नारियल की रस्सी से उसका गला घोंट दिया। इसके बाद यह सुनिश्चित करने के लिए कि वह जीवित न बचे, उसे कीटनाशक भी पिला दिया।

वारदात को छिपाने के लिए दोनों ने शव को फंदे से लटका दिया, ताकि पुलिस इसे आत्महत्या समझे। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

Related Articles

Back to top button