मानसून का डबल अटैक: बिहार में बाढ़, UP में नदियां उफान पर; हिमाचल में लैंडस्लाइड से 175 सड़कें बंद

दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और पंजाब में बारिश का दौर जारी है। बिहार में 13 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। पटना में गंगा खतरे के निशान से करीब 2 फीट ऊपर बह रही है, जबकि 8 नदियों का जलस्तर बढ़ा है।
बिहार में 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
प्रदेश में पिछले दो दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने गुरुवार को 12 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पटना के चंदौसी गांव में पुनपुन नदी के तेज बहाव से सड़क कई जगह बह गई है। बाढ़ के कारण लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है।
UP में 67 जिलों में बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं। काशी में वरुणा नदी के किनारे रहने वाले 407 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। अब तक 2,910 लोग विस्थापित हो चुके हैं। राहत और बचाव के लिए 36 नावें लगाई गई हैं। गुरुवार को 67 जिलों में बारिश का अलर्ट है, जबकि 15 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। खराब मौसम के कारण 8 जिलों में स्कूल भी बंद रहेंगे।
MP में रेड और ऑरेंज अलर्ट
मध्य प्रदेश में मानसूनी सिस्टम मजबूत है। नर्मदापुरम और छिंदवाड़ा में अति भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं छतरपुर, सागर, रायसेन, नरसिंहपुर, सिवनी और बैतूल में ऑरेंज अलर्ट है। इन इलाकों में 24 घंटे के दौरान 4 इंच से ज्यादा बारिश होने की संभावना है।
हिमाचल में 175 से ज्यादा सड़कें बंद
बुधवार रात हुई तेज बारिश के बाद हिमाचल प्रदेश में कई जगह लैंडस्लाइड हुए। इससे 175 से ज्यादा सड़कें बंद हो गईं। कालका-शिमला फोरलेन पर भारी मलबा गिरने से कई वाहन रातभर फंसे रहे। प्रशासन की टीमें मलबा हटाने और यातायात बहाल करने में जुटी हैं।
राजस्थान और पंजाब में भी बारिश का अलर्ट
राजस्थान में एक सप्ताह से जारी मानसून ब्रेक खत्म होने के बाद कई इलाकों में बारिश हुई। जयपुर, धौलपुर और करौली में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने जयपुर और भरतपुर संभाग में बारिश की संभावना जताई है। पंजाब और चंडीगढ़ में भी 5 सितंबर तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
अल्मोड़ा में मलबे से तीन मौतें
उत्तराखंड के अल्मोड़ा में हवालबाग के बड्यूड़ा गांव में बारिश के दौरान मलबा गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं उत्तरकाशी में पापड़गाड में अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में भी भारी बारिश के बाद एक कॉलोनी में पानी भर गया।





