छत्तीसगढ़ में मानसून पड़ा धीमा: रायपुर में उमस से बेहाल लोग, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत पूरे प्रदेश में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है।
इसके चलते रायपुर में फिर से भीषण गर्मी और उमस बढ़ गई है। बीते तीन दिनों से तापमान 30°C के पार बना हुआ है, जिससे लोग बेहद परेशान हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में मानसून द्रोणिका और निम्न दबाव के क्षेत्र का असर दिख रहा है, जिससे आगामी दो दिनों तक प्रदेश में मौसम की ऐसी ही स्थिति बनी रहने का अनुमान है।
रायपुर में धूप और बादलों की आवाजाही
राजधानी रायपुर में सुबह से ही धूप निकली हुई है और उमस बनी हुई है। आज दिन भर बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, अधिकतम तापमान 34°C और न्यूनतम तापमान 26°C के आसपास रहने के कारण फिलहाल गर्मी से बड़ी राहत मिलने के आसार कम ही हैं।
इन जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी दी है:
- ऑरेंज अलर्ट: सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है।
- यलो अलर्ट: रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और मुंगेली जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने का अंदेशा जताया गया है।
मौसम का हाल
बीते 24 घंटों में प्रदेश के दोरनापाल, भिलाईगढ़ और जगरगुंडा जैसे इलाकों में 4 सेमी तक बारिश दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि मानसून द्रोणिका के प्रभाव से आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में तेजी आ सकती है।



