StateNewsदेश - विदेश

12 राज्यों तक पहुंचा मानसून: MP-यूपी में बारिश, राजस्थान में ओले; दिल्ली एयरपोर्ट पर आंधी से एअर इंडिया के 3 विमान क्षतिग्रस्त

दिल्ली। देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और रविवार तक यह 12 राज्यों में पहुंच चुका है।

मौसम विभाग के अनुसार मानसून ने केरल, कर्नाटक, मणिपुर, मिजोरम और नगालैंड को पूरी तरह कवर कर लिया है, जबकि पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भी इसकी एंट्री हो चुकी है। मानसून की सक्रियता के चलते मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में प्री-मानसून बारिश का दौर जारी है।

राजस्थान के श्रीगंगानगर में रविवार को तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।

वहीं मध्य प्रदेश में कई जिलों में आंधी और बारिश का असर देखा गया। इंदौर-खंडवा हाईवे पर तेज हवा के कारण एक ऑटो पलट गया। प्रदेश में जून के शुरुआती दिनों में ही सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है।

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। दूसरी ओर बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी अगले दो दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है।

दिल्ली में रविवार शाम तेज आंधी और बारिश के दौरान एक बड़ी घटना सामने आई।

दिल्ली एयरपोर्ट पर ग्राउंड सपोर्ट उपकरणों की टक्कर से एअर इंडिया के तीन नैरो-बॉडी विमान क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद तीनों विमानों को फिलहाल परिचालन से बाहर कर दिया गया है। हालांकि किसी यात्री या कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है।

मौसम विभाग ने केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और पूर्वोत्तर राज्यों में अगले सात दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हीटवेव की स्थिति बनने की संभावना भी जताई गई है। दिल्ली में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले तीन से चार दिनों में मानसून महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भी तेजी से आगे बढ़ सकता है, जिससे देश के बड़े हिस्से में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button