देशभर में मानसून का असर: उत्तराखंड में 1000 यात्री फंसे, यूपी में 10 की मौत; राजस्थान में 6 ट्रेनें रद्द

36 दिन में पूरे देश में पहुंचा मानसून, मौसम विभाग बोला- दो दिन बाद बारिश की रफ्तार पड़ सकती है धीमी
नई दिल्ली/देहरादून। मानसून ने इस बार सामान्य से पहले पूरे देश को कवर कर लिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मानसून ने 36 दिनों में पूरे भारत को कवर कर लिया, जबकि सामान्य तौर पर इसमें 38 दिन लगते हैं। हालांकि अगले दो-तीन दिनों बाद मानसून की सक्रियता कुछ समय के लिए कमजोर पड़ सकती है। इस बीच देश के कई राज्यों में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है।
उत्तराखंड में लगातार बारिश के कारण उत्तरकाशी जिले में स्यानाचट्टी के पास यमुनोत्री हाईवे और नालूपानी के पास गंगोत्री हाईवे भूस्खलन के चलते बंद हो गए हैं। यमुनोत्री मार्ग बाधित होने से करीब 1000 श्रद्धालु और यात्री रास्ते में फंस गए हैं। पिथौरागढ़ में आदि कैलाश मार्ग पर भी चट्टानें गिरने से यातायात ठप है। भारी बारिश को देखते हुए राज्य के 10 जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है।
उत्तर प्रदेश में बारिश से जुड़े अलग-अलग हादसों में 10 लोगों की मौत हो गई। बुलंदशहर में मस्जिद की जर्जर दीवार गिरने से एक ही परिवार के दो लोगों की जान चली गई, जबकि हरदोई में दो बहनें नदी में बह गईं। प्रदेश के 49 जिलों में शुक्रवार के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान में धौलपुर और अजमेर में मकान ढहने की घटनाएं सामने आई हैं। धौलपुर में छह लोग मलबे में दब गए, जबकि किशनगढ़ में एक परिवार हादसे का शिकार हुआ। लगातार बारिश के कारण राज्य में छह ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं और कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है।
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, बिहार और छत्तीसगढ़ में भी बारिश का दौर जारी है। छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कई जिलों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।





