ऑस्ट्रेलियाई टी-20 लीग का पहला मैच भारत में: चेन्नई में होगा बिग बैश लीग का ओपनिंग मुकाबला, बोले पीएम मोदी

मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड से ऐलान, पहली बार भारत में खेली जाएगी किसी विदेशी क्रिकेट लीग की ओपनिंग मैच
मेलबर्न। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ऑस्ट्रेलिया दौरे के तीसरे और अंतिम दिन मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) से क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित बिग बैश लीग (BBL) के आगामी सीजन का उद्घाटन मुकाबला 12 दिसंबर को चेन्नई में खेला जाएगा। यह पहली बार होगा, जब किसी विदेशी टी-20 क्रिकेट लीग का मैच भारत की धरती पर आयोजित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ के साथ एमसीजी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने शेन वॉर्न स्टैंड का भी भ्रमण किया और युवा क्रिकेटरों से मुलाकात कर उनकी जर्सियों पर ऑटोग्राफ दिए। पीएम ऑस्ट्रेलिया के राष्ट्रीय प्रतीक माने जाने वाले कंगारू कैरेक्टर ‘रूबी द रू’ से भी मिले।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेल संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि चेन्नई में बिग बैश लीग का उद्घाटन मैच दोनों देशों के खेल सहयोग को नई ऊंचाई देगा और क्रिकेट प्रशंसकों के लिए यह ऐतिहासिक अवसर होगा।
ऑस्ट्रेलिया दौरा समाप्त करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी अपने छह दिवसीय विदेश दौरे के अंतिम चरण में न्यूजीलैंड पहुंचेंगे। वहां वे प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे, जिसमें भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को अंतिम रूप देने पर चर्चा होगी। इसके अलावा वे एक बिजनेस सम्मेलन और खेल कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
ऑकलैंड में प्रधानमंत्री करीब 40 हजार भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करेंगे। उनके स्वागत के लिए भारतीय समुदाय ने ‘किया ओरा मोदी’ कार्यक्रम का आयोजन किया है। उल्लेखनीय है कि करीब 40 वर्षों बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का न्यूजीलैंड दौरा हो रहा है। इससे पहले वर्ष 1986 में तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने न्यूजीलैंड की यात्रा की थी।





