जशपुर में बनेगा आधुनिक फुटबॉल स्टेडियम, सीएम साय के प्रयासों से 5.49 करोड़ रुपए की मंजूरी

जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रयासों से जशपुर जिले में खेल अधोसंरचना के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जिला मुख्यालय जशपुर में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित फुटबॉल स्टेडियम के निर्माण के लिए छत्तीसगढ़ शासन ने 5 करोड़ 49 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।

मुख्यमंत्री साय की पहल पर उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में विभाग ने स्टेडियम निर्माण को मंजूरी दी है। नए स्टेडियम के बनने से जिले के खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता निखारने और जिला स्तर से आगे बढ़कर राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।

फुटबॉल खिलाड़ियों को मिलेगा बेहतर मंच

जशपुर जिले में फुटबॉल के प्रति युवाओं और खिलाड़ियों में विशेष उत्साह है। ऐसे में आधुनिक फुटबॉल स्टेडियम खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगा। यहां खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण के साथ प्रतियोगिताओं और विभिन्न खेल आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

स्टेडियम के निर्माण से जिले में खेल का वातावरण मजबूत होने और नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। इससे खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर मैदान और आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जशपुर जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खेल सुविधाओं के विस्तार पर लगातार जोर दे रहे हैं। 5.49 करोड़ रुपए की स्वीकृति को जिले की खेल अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। आधुनिक स्टेडियम बनने के बाद जशपुर के खिलाड़ियों को अपने हुनर को बड़े मंच तक ले जाने के लिए बेहतर आधार मिलेगा।

Exit mobile version