कोंडागांव में मंत्री केदार कश्यप के काफिले का एक्सीडेंट, 6 घायल; 4 गंभीर रायपुर रेफर

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में रविवार दोपहर मंत्री केदार कश्यप के काफिले के साथ बड़ा हादसा हो गया। जुनवानी के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पहले मंत्री की कार को टक्कर मारी। इसके बाद अनियंत्रित स्कॉर्पियो काफिले के फॉलो वाहन से जा भिड़ी। हादसे में कुल 6 लोग घायल हुए हैं। इनमें मंत्री के पीए और ड्राइवर के अलावा 4 पुलिस जवान शामिल हैं। घायलों में एक महिला जवान भी है। चार गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, मंत्री केदार कश्यप अपने गृह ग्राम फरसागुड़ा से कोंडागांव की ओर आ रहे थे। इसी दौरान कोंडागांव से जगदलपुर की तरफ जा रही स्कॉर्पियो जुनवानी के पास अचानक काफिले से टकरा गई। हादसे के वक्त मंत्री अपनी कार में मौजूद थे। हालांकि उन्हें गंभीर चोट नहीं आई और वे बाल-बाल बच गए।
हादसे में मंत्री के पीए अनुराग शर्मा को सीने में चोट लगी है। ड्राइवर सुनील कुमार मौर्य के सिर, चेहरे और पैर में चोट आई है। प्रधान आरक्षक राजेश नेताम और आरक्षक सुगंतिन उसेंडी के सिर में गंभीर चोट बताई गई है। दोनों को रायपुर रेफर किया गया। वहीं आरक्षक त्रिलोतमा मदरू के सिर, सीने, पीठ और हाथ में तथा आरक्षक नर्मदा मरकाम के सिर और कंधे में चोट आई है।
हादसे के बाद सभी घायलों को कोंडागांव जिला अस्पताल पहुंचाया गया। मंत्री केदार कश्यप भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। टक्कर इतनी जोरदार थी कि काफिले की गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। स्कॉर्पियो चालक और दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।





