केदारनाथ में पारा माइनस 7°C, राजस्थान में गिरे ओले; MP के 21 जिलों में बारिश का अलर्ट

तमिलनाडु में भारी बारिश से चेन्नई समेत 5 जिलों में स्कूल बंद; यूपी-बिहार में गुलाबी ठंड की दस्तक, हिमाचल में 24 अक्टूबर से बारिश के आसार
दिल्ली। देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल गया है। उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। केदारनाथ में न्यूनतम तापमान माइनस 7 डिग्री और बद्रीनाथ में माइनस 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं, राजस्थान के दक्षिणी जिलों में आंधी के साथ बारिश और ओले गिरे। मध्य प्रदेश के 21 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। तमिलनाडु में भारी बारिश के कारण चेन्नई समेत पांच जिलों में स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है।
मध्य प्रदेश के पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में पिछले पांच दिनों से आंधी-बारिश का दौर जारी है। मंगलवार को रतलाम, महू और सीहोर समेत कई इलाकों में बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिन भी प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।
राजस्थान के दक्षिणी जिलों में मंगलवार को तेज हवाओं के साथ बारिश हुई और कुछ स्थानों पर ओले गिरे। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिन मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि, 24 अक्टूबर से नया वेदर सिस्टम सक्रिय होने के कारण फिर बारिश हो सकती है। लगातार बदलते मौसम से रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।
उत्तराखंड में ठंड का असर बढ़ गया है। मंगलवार को नौ जिलों में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। बद्रीनाथ में पारा माइनस 8, केदारनाथ में माइनस 7 और गंगोत्री में माइनस 4 डिग्री तक पहुंच गया। यमुनोत्री में तापमान शून्य डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि, बुधवार को प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है।
उधर, तमिलनाडु में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। चेन्नई, तिरुवल्लूर और कांचीपुरम समेत पांच जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। मौसम विभाग ने 26 अक्टूबर तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। भारी बारिश से जलभराव और यातायात बाधित होने की आशंका है।
उत्तर प्रदेश में पछुआ हवाओं के कारण सुबह और रात में ठंड महसूस होने लगी है। अगले दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। बिहार में भी सुबह-रात हल्की ठंड, जबकि दिन में धूप के कारण गर्मी बनी रहने का अनुमान है। झारखंड में 26 अक्टूबर तक बारिश की संभावना नहीं है। हिमाचल प्रदेश में 23 अक्टूबर तक मौसम साफ रहने के बाद 24 और 25 अक्टूबर को बारिश तथा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं।





