जगदलपुर के पुराने फिल्टर प्लांट में भीषण आग, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

जगदलपुर। शहर के नयामुण्डा स्थित पुराने फिल्टर प्लांट और पानी टंकी परिसर में शुक्रवार शाम अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव भी मौके पर पहुंचे और आग की स्थिति का जायजा लिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि ट्रांसफार्मर या विद्युत तारों में खराबी के कारण चिंगारी निकली, जिसके बाद परिसर में रखे ब्लीचिंग पाउडर और अन्य ज्वलनशील सामग्री ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे परिसर में धुआं फैल गया।
घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। नगर निगम की टीम और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में जुट गए। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्र की बिजली आपूर्ति को तत्काल बंद कर दिया गया, ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।
देर रात तक आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के लिए प्रयास जारी रहे। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की संभावना सामने आई है।
मौके पर पहुंचे विधायक किरण सिंह देव ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें सक्रिय हो गई हैं। उन्होंने बताया कि फायर ब्रिगेड लगातार आग बुझाने में जुटी हुई है और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी बड़े खतरे की स्थिति नहीं है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा के सभी कदम उठाए जा रहे हैं। आग से हुए नुकसान का आकलन आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद किया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें।





