ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सामूहिक विवाह बना सामाजिक एकता का उत्सव: CM साय ने 13 नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद, कई घोषणाएं कीं

दुर्ग। दुर्ग जिले के ग्राम भरर (जामगांव-आर) में आयोजित तहसील स्तरीय विशाल कर्मा महोत्सव एवं सामूहिक आदर्श विवाह कार्यक्रम सामाजिक समरसता का उत्सव बन गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए और 13 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर साहू समाज भवन पाटन में शेड निर्माण के लिए 50 लाख रुपए देने की घोषणा की। साथ ही ग्राम भरर पंचायत में शौचालय, शेड और सीसी रोड निर्माण के लिए 10 लाख रुपए की सहायता देने का ऐलान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने साहू समाज को छत्तीसगढ़ का बड़ा और गौरवशाली समाज बताया। उन्होंने माता कर्मा और स्वर्गीय ताराचंद साहू के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनकी सेवा भावना समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले 28 महीनों में सुशासन स्थापित करने और नरेंद्र मोदी की गारंटी पूरी करने की दिशा में ठोस काम किए हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में 18 लाख परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया जा रहा है। किसानों को बोनस, 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी और महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने रामलला दर्शन योजना से 42 हजार लोगों को लाभ मिलने और बस्तर में नक्सल समस्या कम होने का भी जिक्र किया। उन्होंने मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना-2026 और मोर बिजली ऐप की जानकारी देते हुए कहा कि बकाया बिल पर 100% सरचार्ज माफी दी जा रही है।

कार्यक्रम में सांसद विजय बघेल, कमिश्नर सत्यनारायण राठौर, कलेक्टर अभिजीत सिंह समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button