माओवादी कमांडर चलपति की गार्ड ने सहयोगियों के साथ जंगल में दफन पैसे निकाले, गरियाबंद से तीन गिरफ्तार

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में माओवादियों की पुरानी वसूली का बड़ा खुलासा हुआ है। माओवादी कमांडर चलपति की पूर्व महिला गार्ड समेत दो आत्मसमर्पित महिला नक्सलियों और उनके एक सहयोगी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
तीनों मैनपुर थाना क्षेत्र के राजाडेरा जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए 21 लाख रुपए निकालने पहुंचे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी के अलावा तीन मोबाइल और एक बाइक भी बरामद की है।
दो साल पहले जंगल में गाड़े थे 21 लाख रुपए
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2024 में माओवादी कमांडर चलपति ने क्षेत्र के ठेकेदारों और आम नागरिकों को डराकर अवैध वसूली की थी। इसी रकम में से 21 लाख रुपए राजाडेरा पहाड़ी के पास घने जंगल में जमीन के भीतर छिपाकर रखे गए थे। लंबे समय से यह रकम वहीं दबी हुई थी।
हाल ही में दो आत्मसमर्पित महिला नक्सलियों ने सुकमा के पुनर्वास शिविर में रहते हुए अपने पुराने परिचित नोहर मरकाम से संपर्क किया। इसके बाद तीनों जंगल पहुंचे और जमीन खोदकर नकदी से भरा बैग निकाल लिया।
टिफिन में छिपाकर रखे थे नोटों के बंडल
मुखबिर से सूचना मिलने पर मैनपुर पुलिस ने जंगल में घेराबंदी की और तीनों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिंगे उर्फ रोशनी, बुधरी मुचाकी उर्फ सोनी और नोहर मरकाम के रूप में हुई है। रोशनी माओवादी कमांडर चलपति की गार्ड रह चुकी है, जबकि बुधरी सीएनएम दलम की पूर्व कमांडर बताई जा रही है।
पुलिस को बैग में टिफिन के अंदर नोटों की गड्डियां मिलीं। आरोपियों के खिलाफ यूएपीए सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि आत्मसमर्पण के बाद भी आरोपी पुराने माओवादी नेटवर्क के संपर्क में कैसे थे और बरामद रकम का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।





