ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सूरजपुर में दर्दनाक हादसा: गिट्टी निकालते समय पत्थर धंसा, 2 युवक जिंदा दबे; दोनों की मौत

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में दो युवकों की जान चली गई। कोतवाली थाना क्षेत्र के लांची गांव में सरकारी जमीन पर गिट्टी निकालने के दौरान अचानक एक विशाल पत्थर धंस गया, जिसकी चपेट में आकर दोनों युवक जिंदा दब गए। हादसा दोपहर करीब 12 बजे हुआ। ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया, लेकिन जब तक दोनों को बाहर निकाला गया, उनकी मौत हो चुकी थी।

मृतकों की पहचान बाबूलाल गोंड़ (18), पिता धनेसवर सिंह गोंड़ और जयपाल गोंड़ (18), पिता जय सिंह गोंड़ के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों युवक सरकारी जमीन पर खुदाई कर गिट्टी निकाल रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज आवाज के साथ ऊपर का पत्थर और मिट्टी भरभराकर नीचे गिर गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें पहले भी वहां खुदाई नहीं करने की सलाह दी थी। युवकों ने लौटने की बात कही थी, लेकिन कुछ ही देर बाद हादसा हो गया।

मृतक जयपाल के भाई ज्वाला प्रसाद ने बताया कि उन्हें यह भी पता नहीं चला कि उनका भाई घर से कब निकला। दोपहर में हादसे की सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे, जहां भाई मलबे के नीचे दबा मिला।

सूरजपुर तहसीलदार सूर्यकांत साय ने बताया कि दोनों युवक लांची गांव के निवासी थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पत्थर निकालने के दौरान चट्टान धंसने से हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन पर किस उद्देश्य से खुदाई की जा रही थी और क्या यह अवैध खनन का मामला है, इसकी जांच की जाएगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button