ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

जशपुर के हाट-बाजारों में मिलेगी मुफ्त इलाज की सुविधा, 4 मोबाइल मेडिकल यूनिट शुरू

CM विष्णुदेव साय ने दिखाई हरी झंडी; दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों के ग्रामीणों को घर के नजदीक मिलेंगी स्वास्थ्य सेवाएं

जशपुर। जशपुर जिले के दूरस्थ और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को अब इलाज के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को जशपुर प्रवास के दौरान भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की 4 मोबाइल मेडिकल यूनिट का शुभारंभ किया। ये यूनिट जिले के अलग-अलग ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के हाट-बाजारों में पहुंचकर लोगों को मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएंगी।

मुख्यमंत्री ने विश्राम गृह परिसर से इन मेडिकल यूनिट को रवाना किया। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। खासकर जनजातीय बहुल और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

हाट-बाजारों में ही मिल सकेगा इलाज

CM साय ने कहा कि जशपुर भौगोलिक रूप से विस्तृत और वनांचल वाला जिला है। यहां कई गांव ऐसे हैं, जहां से स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचने के लिए लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। मोबाइल मेडिकल यूनिट शुरू होने से ग्रामीणों को अपने नजदीकी हाट-बाजारों में ही स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे इलाज के लिए लगने वाले समय और खर्च दोनों में कमी आएगी।

उन्होंने कहा कि हाट-बाजार ग्रामीण जीवन और स्थानीय अर्थव्यवस्था के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। ऐसे स्थानों पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने से लोग अपने दैनिक कामकाज के साथ इलाज भी करा सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिक ही समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ की आधारशिला हैं। सरकार स्वास्थ्य अधोसंरचना मजबूत करने के साथ ऐसी योजनाओं को बढ़ावा दे रही है, जिनसे जरूरतमंदों तक सीधे सुविधाएं पहुंचें।

कार्यक्रम में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, पत्थलगांव विधायक गोमती साय, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय सहित जनप्रतिनिधि, सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, IG दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास और SSP डॉ. लाल उमेद सिंह मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button