StateNewsदेश - विदेश

शेयर बाजार में बड़ी गिरावट: सेंसेक्स 550 अंक टूटा, निफ्टी 23,450 पर; रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंचा

मुंबई। घरेलू शेयर बाजार में बुधवार को कमजोरी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 550 अंक यानी 0.75% गिरकर 74,647 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। वहीं निफ्टी 50 भी 170 अंक टूटकर 23,450 के करीब पहुंच गया। बाजार में सबसे ज्यादा बिकवाली ऑटो, बैंकिंग और मेटल सेक्टर के शेयरों में रही।

इसी बीच भारतीय रुपया भी अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया। शुरुआती कारोबार में रुपया 33 पैसे टूटकर 96.89 प्रति डॉलर पर पहुंचा। पिछले कई कारोबारी सत्रों से रुपए पर दबाव बना हुआ है। विदेशी निवेशकों की बिकवाली और वैश्विक बाजारों में कमजोरी इसका प्रमुख कारण मानी जा रही है।

एशियाई बाजारों में भी गिरावट का माहौल रहा। दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स करीब 2.8% टूटा, जबकि जापान का निक्केई 1.3% और हांगकांग का हैंगसेंग 0.8% नीचे कारोबार करता दिखा। अमेरिकी बाजारों में भी मंगलवार को गिरावट दर्ज की गई थी। डाउ जोन्स 322 अंक, नैस्डैक 220 अंक और S&P 500 करीब 49 अंक टूटकर बंद हुए थे।

विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने मंगलवार को भारतीय बाजार से 2,458 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। हालांकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 3,802 करोड़ रुपए की खरीदारी कर कुछ संतुलन बनाने की कोशिश की।

एक दिन पहले यानी 19 मई को भी बाजार दबाव में रहा था। सेंसेक्स 114 अंक गिरकर 75,201 और निफ्टी 23,618 पर बंद हुआ था। उस दिन बैंकिंग, FMCG और मेटल शेयरों में बिकवाली रही, जबकि IT, रियल्टी और मीडिया सेक्टर में कुछ खरीदारी देखने को मिली।

Related Articles

Back to top button