ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर में ज्वैलर्स के कर्मचारी ने पार किए 2 करोड़ के जेवर, CCTV में कैद वारदात; 16 साल से कर रहा था काम

रायपुर। रायपुर के सदर बाजार स्थित मनोहरमल एंड कंपनी ज्वैलर्स में करोड़ों की चोरी का मामला सामने आया है। शोरूम के पुराने कर्मचारी पर करीब 2 करोड़ रुपए के सोने के जेवर गायब करने का आरोप लगा है।

कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक कारोबारी सुरेश भंसाली की सोने-चांदी की दुकान में सूरज साहू नाम का कर्मचारी पिछले 16 साल से काम कर रहा था। उसकी जिम्मेदारी रोजाना डिस्प्ले में रखे गए जेवरों को दुकान बंद होने के बाद लॉकर में सुरक्षित रखने की थी।

आरोप है कि 9 अप्रैल 2026 को उसने जेवरों को लॉकर में रखने के बजाय अपने पास रख लिया और वहां से निकल गया। शुरुआत में किसी को घटना की जानकारी नहीं हुई। 13 अप्रैल को स्टॉक मिलान के दौरान करीब 1495 ग्राम 670 मिलीग्राम सोना कम मिला।

इसके बाद दुकान के कर्मचारियों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। संदेह होने पर कारोबारी ने CCTV फुटेज खंगाली, जिसमें सूरज साहू शाम करीब 4 बजकर 21 मिनट पर जेवर ले जाते नजर आया। बताया जा रहा है कि चोरी हुए सोने में अलग-अलग डिजाइन के महंगे आभूषण शामिल हैं, जिनकी बाजार कीमत करीब 2 करोड़ रुपए आंकी गई है। घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गबन का मामला दर्ज कर लिया है। एक संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि मुख्य आरोपी सूरज साहू फरार बताया जा रहा है। पुलिस की टीमें उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button