शेयर बाजार में बड़ी गिरावट: सेंसेक्स 500 अंक टूटा, निफ्टी भी फिसला; ऑटो और बैंकिंग शेयरों में बिकवाली

मुंबई। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली। वैश्विक तनाव और निवेशकों की सतर्कता के बीच सेंसेक्स 500 अंक से अधिक टूटकर 76,900 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। वहीं निफ्टी भी करीब 200 अंक की गिरावट के साथ 24,050 के आसपास कारोबार कर रहा था। बाजार में सबसे अधिक दबाव ऑटो, बैंकिंग और मेटल सेक्टर के शेयरों पर देखने को मिला।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने वैश्विक निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। इसी कारण अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी दबाव बना हुआ है, जिसका असर भारतीय शेयर बाजार पर भी दिखाई दिया। सुरक्षित निवेश की ओर रुख बढ़ने से इक्विटी बाजारों में बिकवाली तेज हो गई।
इस बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भी उछाल दर्ज किया गया। ब्रेंट क्रूड करीब 4 प्रतिशत बढ़कर 79 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंच गया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के हालिया बयान, जिसमें उन्होंने ईरान के साथ हुए समझौते को समाप्त मानने की बात कही, उसके बाद तेल बाजार में तेजी देखने को मिली। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें भारत जैसे आयातक देशों के लिए महंगाई और व्यापार घाटे की चिंता बढ़ा सकती हैं।
एशियाई बाजारों में भी सोमवार को कमजोरी का माहौल रहा। दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई और हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक लाल निशान में कारोबार करते दिखाई दिए। हालांकि पिछले कारोबारी सत्र में अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए थे।
गौरतलब है कि शुक्रवार को भारतीय बाजार में शानदार तेजी रही थी। उस दिन सेंसेक्स 828 अंक चढ़कर 77,569 और निफ्टी 24,206 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं पिछले सात दिनों में विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 4,427 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की है, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने भी बाजार में लगातार निवेश जारी रखा है। फिलहाल निवेशकों की नजर वैश्विक घटनाक्रम और कच्चे तेल की कीमतों पर बनी हुई है।





