रायपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा में बड़ी चूक: प्लेटफॉर्म नंबर-1 तक घुसी इनोवा, ट्रैक पर पहुंची कार; RPF ने दर्ज किया केस

रायपुर। राजधानी रायपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। स्टेशन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक इनोवा कार पार्सल ऑफिस की ओर से स्टेशन परिसर में प्रवेश कर प्लेटफॉर्म नंबर-1 पार करते हुए सीधे रेलवे ट्रैक तक पहुंच जाती है। इस दौरान कुछ समय के लिए कार ट्रैक के बीच फंस गई। हालांकि उस वक्त ट्रैक पर कोई ट्रेन नहीं आ रही थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार यह घटना दोपहर करीब एक बजे की है। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कार बिना किसी रोक-टोक के प्लेटफॉर्म से गुजरते हुए रेलवे ट्रैक तक पहुंच गई। घटना सामने आने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने तत्काल मामले की जांच शुरू की।
RPF अधिकारियों ने वाहन चालक के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 147 (अनाधिकृत प्रवेश), धारा 154 (यात्रियों की सुरक्षा को खतरे में डालना) और धारा 159 (प्रतिबंधित क्षेत्र में अवैध रूप से वाहन चलाना) के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने रायपुर रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर एक चारपहिया वाहन स्टेशन परिसर के भीतर और प्लेटफॉर्म होते हुए रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंच गया। यदि उस समय किसी ट्रेन का आवागमन होता या प्लेटफॉर्म पर अधिक भीड़ होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
रेलवे प्रशासन अब स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रहा है। प्रवेश मार्गों पर निगरानी बढ़ाने, बैरिकेडिंग मजबूत करने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू किए जाने की तैयारी की जा रही है।





