ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बिजली बिल भुगतान समाधान योजना से उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, CM साय ने हितग्राहियों से किया संवाद

बलौदा बाजार। बलौदाबाजार जिले के करहीबाजार में आयोजित सुशासन तिहार 2026 के समाधान शिविर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों से सीधा संवाद कर योजनाओं के प्रभाव और लाभ की जानकारी ली।

शिविर में मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना 2026 के तहत कई उपभोक्ताओं को लंबित बिजली बिल में राहत दी गई। योजना से लाभान्वित लोगों ने मुख्यमंत्री को बताया कि बढ़ते बिजली बिलों के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन इस योजना से अब काफी राहत मिली है।

ग्राम बिटकुली निवासी आशाराम को 11 हजार 625 रुपए, बाबूलाल को 14 हजार 922 रुपए, जगदीश को 9 हजार 832 रुपए, बुधयारिन को 8 हजार 467 रुपए और चोवाराम को 13 हजार 325 रुपए की छूट प्रदान की गई। लाभ मिलने के बाद हितग्राहियों ने कहा कि अब वे बिना अतिरिक्त आर्थिक बोझ के नियमित रूप से बिजली बिल जमा कर पा रहे हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करना है। सरकार लगातार ऐसी योजनाएं लागू कर रही है, जिनसे समाज के हर वर्ग को सीधा लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत देना सरकार की प्राथमिकता है।

शिविर में मौजूद हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री और राज्य सरकार के प्रति आभार जताया। उनका कहना था कि बिजली बिल भुगतान समाधान योजना गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बड़ी मदद साबित हो रही है। योजना से लोगों को आर्थिक राहत मिलने के साथ ही बिजली बिल को लेकर चिंता भी कम हुई है।

Related Articles

Back to top button