रेलवे का बड़ा फैसला, 16 ट्रेनें रहेंगी रद्द: बिलासपुर, दुर्ग और टाटानगर रूट के यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी, कई ट्रेनों का बदला जाएगा मार्ग

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में बंडामुंडा केबिन-ए से राउरकेला सेक्शन के बीच पांचवीं रेल लाइन के कमीशनिंग कार्य के चलते कई ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ेगा।
रेलवे प्रशासन की ओर से नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के लिए अलग-अलग चरणों में ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। इसके कारण सितंबर और अक्टूबर में 16 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों के मार्ग और समय में भी बदलाव किया गया है।
रेलवे के अनुसार, 25 सितंबर से 13 अक्टूबर तक अलग-अलग तारीखों में चलने वाली 18109/18110 इतवारी-टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस रद्द रहेगी। इसके अलावा 18113 टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस और 18114 बिलासपुर-टाटानगर एक्सप्रेस का संचालन भी कई दिनों तक बंद रहेगा।
इसके साथ ही नांदेड़-सांतरागाछी एक्सप्रेस, एलटीटी-सांतरागाछी स्पेशल, हटिया-दुर्ग एक्सप्रेस, बिलासपुर-बक्सर एक्सप्रेस, हटिया-एलटीटी एक्सप्रेस और हावड़ा-सीएसएमटी दुरंतो एक्सप्रेस सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को भी निर्धारित तिथियों में रद्द किया गया है। आरा-दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस का संचालन भी प्रभावित रहेगा।
रेलवे ने कुछ ट्रेनों के मार्ग में भी बदलाव किया है। 30 सितंबर तथा 1 और 12 अक्टूबर को पुरी से चलने वाली 18477 पुरी-योग नगरी ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। यह ट्रेन कटक, संबलपुर सिटी, झारसुगुड़ा रोड और ईब स्टेशन के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेगी।
वहीं, 13 अक्टूबर को हावड़ा से रवाना होने वाली 12860 हावड़ा-सीएसएमटी गीतांजलि एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से दो घंटे की देरी से चलेगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है। ट्रेनों के रद्द होने और मार्ग परिवर्तन के कारण बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर और झारखंड की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।





