भिलाई में टला बड़ा हादसा: CNG टैंकर से 40 मिनट तक गैस लीक, हाईवे सील कर रोका ट्रैफिक

भिलाई। नेशनल हाईवे-53 पर रविवार रात बड़ा हादसा होते-होते बच गया। डी-मार्ट के सामने सड़क किनारे खड़े ट्रक में लदे सीएनजी टैंकर से अचानक तेज आवाज के साथ गैस का रिसाव शुरू हो गया। करीब 30 से 40 मिनट तक गैस निकलती रही। रिसाव की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घबरा गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी मिलते ही पुलिस, एनएचएआई और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। गैस टैंकर के आसपास सुरक्षा घेरा बनाकर इलाके को सील कर दिया गया। एहतियात के तौर पर नेशनल हाईवे-53 पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। हाईवे बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और जाम की स्थिति बन गई।
अस्पताल और मैरिज पैलेस पास होने से बढ़ी चिंता
घटनास्थल के बेहद करीब अस्पताल और मैरिज पैलेस होने के कारण प्रशासन ने अतिरिक्त सतर्कता बरती। टीमों ने लोगों को घटनास्थल से दूर रखा और किसी भी तरह की चिंगारी या आग की स्थिति पैदा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा गया।
करीब आधे घंटे से ज्यादा समय तक गैस रिसाव जारी रहने के बाद राहत टीम ने स्थिति को नियंत्रित करने की कार्रवाई शुरू की। रिसाव कम होने पर विशेषज्ञों ने सुरक्षित तरीके से टैंकर के पास पहुंचकर उसका वाल्व टाइट किया। इसके बाद गैस का रिसाव पूरी तरह बंद हो गया।
रिसाव बंद होने के बाद बहाल हुआ यातायात
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से टैंकर में आग लगने या किसी बड़े हादसे की आशंका टल गई। स्थिति सामान्य होने के बाद सुरक्षा टीमों ने क्षेत्र की जांच की और हाईवे पर यातायात बहाल कराया। इस दौरान किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। अधिकारियों ने घटना के कारणों की भी जांच शुरू कर दी है।





